मंझनपुर। कोखराज थाना क्षेत्र के आलमचंद गांव में बृहस्पतिवार की रात पड़ोसी ने युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया। छर्रे युवक के गाल में धंसने से वह लहूलुहान हो गया। गोली की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुरानी रंजिश में कातिलाना हमला करने वाला व्यक्ति मौके से तमंचा लहराते हुए भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। भुक्तभोगी युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हमलावर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कोखराज थाना क्षेत्र के आलमचंद गांव का फूलचंद्र (30) पुत्र अशर्फीलाल किसान है। बताया कि पड़ोसी उसके परिवार से रंजिश रखता है। बृहस्पतिवार की रात वह पत्नी और बच्चों के साथ छत पर सो रहा था। रात करीब दस बजे पड़ोसी अपने छत पर तमंचा लहराते हुए भला-बुरा कहने लगा। उसने विरोध किया तो उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली उसकी कपनटी के बगल से निकलते हुए दरवाजे पर जा लगी। इसके बाद वह बच्चों को बचाने लगा तभी पड़ोसी ने फिर गोली दाग दी। गोली के छर्रे गाल में लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाते हुए ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को देख हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर कातिलाना हमला करने वाले व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद से हमलावर घर छोड़ कर फरार है। सीओ ने बताया कि पुरानी रंजिश में युवक पर कातिलाना हमला किया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।