सिराथू। सैनी कोतवाली के गाजी का पुरवा में विवाहिता की मौत के मामले में गुरुवार को पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज में पांच लाख रुपये नकदी व स्कार्पियो की मांग पूरी नहीं होने पर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
गाजीकापुरवा निवासी फारूक अहमद ने अपनी बेटी शाइस्ता (20) का निकाह 24 मई 2017 को सिराथू निवासी सेबू सिद्दीकी पुत्र ताजउद्दीन के साथ किया था। शादी में उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। पर, शादी के बाद जब उसकी बेटी विदा होकर अपने ससुराल गई तो वहां दहेज लोभियोें का असली चेहरा समाने आ गया। आरोप है कि ससुराल में पति ससुर, चचिया ससुर जमाल उद्दीन, जेठ चांद सिद्दीकी और सास अनवरी बेगम ने दहेज में पांच लाख रुपये और स्कार्पियो की मांग रख दी।
मायके वालों के असमर्थता जाहिर करने पर ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कुछ दिन बाद ही ससुरालियों ने उसे यह कहते हुए मायके भगा दिया कि जब तक तुम्हारे घर वाले दहेज की मांग पूरी नहीं करेंगे। हम तुम्हें विदा कराने नहीं आएंगे। बुधवार की शाम गांव से बाहर शाइस्ता का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम भेजकर मृतका के पिता फारूक अहमद की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोागेें के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ सिराथू रामवीर सिंह का कहना है कि आरोपी पति गिफ्तार कर घटना की छानबीन की जा रही है।