कोतवाली के गाेंसाईं तारा गांव में ब्याही युवती को भगाकर दगाबाज शौहर ने बाहरवाली से मंगनी तय कर ली। जानकारी पीड़िता को हुई तो उसने हंगामा करते हुए शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने पीड़िता को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
मंझनपुर कोतवाली के नौगीरा गांव की प्रेमा देवी की शादी दो साल पहले गोसाई तारा गांव के ललित कुमार से हुई थी। विवाहिता ने बताया कि कम दहेज का ताना देकर पीड़िता को ससुरालियों ने घर से भगा दिया। हक पाने के लिए उसने अदालत का सहारा लिया।
दंपति का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि शादी विच्छेद कराए बगैर दगाबाज पति ने बाहरवाली से मंगनी कर ली। घर में सौतन आने की जानकारी विवाहिता को हुई तो वह बृहस्पतिवार को ससुराल पहुंची और दूसरी शादी का विरोध किया। हंगामा होता देख स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। पति की दगाबाजी से आहत विवाहिता शनिवार को मंझनपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने पीड़िता को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।