चायल (ब्यूरो)। चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयदसरावां गांव में शुक्रवार की रात अलाव तापने के दौरान दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक विवाहिता की मौत हो गई। मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयदसरावां गांव की रहने वाली शिवपती देवी (35) पत्नी धर्मपाल शुक्रवार की रात बरामदे में बैठी आग ताप रही थी। घर परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरे में थे। बताया जाता है कि इसी दौरान अचानक बरामदे की कच्ची दीवार भरभराकर जमींदोज हो गई। इसके मलबे में विवाहिता दब गई। उधर, दीवार गिरने की आवाज पर घर-परिवार के लोग चीखते-चिल्लाते दौड़े। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। उसे आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से घर-परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।