नेवादा (कौशाम्बी)। सरायअकिल बैंक गई विवाहिता के साथ शोहदे ने छेड़खानी करते हुए मंगलसूत्र छीन लिया। विवाहिता के शोर मचाने पर बैंक परिसर में मौजूद लोगों ने भाग रहे शोहदे को धर दबोचा। पिटाई करने के बाद लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने युवक का चालान कर दिया। युवक की हरकत से पीड़ित परिवार सहमा है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव में ब्याही युवती बुधवार को स्थानीय बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से पैसा आहरित करने गई थी। इसी दौरान फकीराबाद मोहल्ले के एक युवक ने कहा भीड़ अधिक है। थोड़ी देर बाद पैसा निकाल लेना। यह कहकर उसे नीचे चलने को बोला। विवाहिता भीड़-भाड से बचने को नीचे उतरने लगी। इसी दौरान युवक उसके साथ छेड़खानी करते हुए मंगलसूत्र छीनकर भागने लगा।
युवक का दुस्साहस देख विवाहिता शोर मचाने लगी। चीख सुनकर बैंक परिसर में मौजूद लोग भाग कर मौके पर पहुंचे और शोहदे को खदेड़कर धर दबोचा। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता की तहरीर पर युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने उसका चालान कर दिया। युवक की हरकत से पीड़िता सहमी है। एसओ ने बताया कि विवाहिता का छीना गया मंगलसूत्र बरामद कर उसे पीड़िता को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।