इलाहाबाद सरायअकिल मार्ग पर तिल्हापुरमोड़ के समीप सोमवार की भोर सवारी से भरा तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग बाल-बाल बच गए। उधर हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खलासी की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मंझनपुर कस्बे के चकनगर मोहल्ले का रहने वाला मोहम्मद साकिब (20) पुत्र मोहम्मद इकबाल टेंपो में खलासी का काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम वह कस्बे से सवार लेकर मनौरी शादी समारोह में शामिल होने के लिए चालक के साथ गया था। सोमवार की सुबह करीब तीन बजे वह मनौरी से मंझनपुर लौट रहा था। इलाहाबाद-सरायअकिल मार्ग पर तिल्हापुरमोड के समीप निर्माणाधीन पुल के समीप टेंपो सड़क किनारे गड़े ड्रम से टकराकर पलट गया। हादसे में मोहम्मद साकिब टेंपो के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपो में बैठी सवारियां बाल-बाल बच गई। हादसा देख स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को घर भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से खलासी के घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।