स्थानीय थाना क्षेत्र के किशनपुर अम्बारी ग्राम सभा में मंदिर की चहारदीवारी व रास्ते को लेकर दो पक्ष फिर आमने-सामने हो गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस व तहसील प्रशासन ने सूझ-बूझ दिखाकर मामला शांत कराया। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
किशनपुर अम्बारी गांव में मसुरिया माता का ऐतिहासिक मंदिर है। यहां पर सप्ताह में शुक्रवार व सोमवार को इलाकाई भक्तों का मेला लगता है। मेला परिसर को सुरक्षित करने के लिए स्थानीय भक्तों द्वारा चंदा एकत्रित कर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। एक जून को विपक्ष के लोगों ने विरोध किया था तो मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था।
सोमवार को मेले के मौके पर विपक्षी आलम, सलीम, निसार, तुफैल, नन्हें आदि ने फिर विरोध पर उतर आए। आरोपियों ने निर्माणाधीन चहारदीवारी पर रोक लगा दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सरायअकिल अनिल सिंह व एसडीएम चायल अश्वनी कुमार श्रीवास्तव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस व प्रशासन ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनो पक्षों को राजी कर लिया। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। उधर बार-बार बाउंड्रीवाल का हो रहे विरोध को लेकर इलाके में विपक्षियों के प्रति आक्रोश की चिंगारी सुलगने लगी है।