कोखराज। मूरतगंज बाजार स्थित एसबीआई शाखा के समीप शनिवार सुबह बेकाबू कार ने एक साइकिल सवार शिक्षक को रौंद दिया। प्रयागराज ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
शिशु मंदिर कॉलोनी भरवारी निवासी करुणाकर वाजपेई (52) शेरगढ़ इंटर कॉलेज में प्राइवेट शिक्षक थे। शनिवार सुबह वह फीस का रुपया जमा करने एसबीआई की मूरतगंज शाखा गए थे। लौटते वक्त बैंक शाखा के समीप ही पीछे से आई कार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिक्षक छिटककर नीचे गिर गए। इस दौरान कार उनको रौंदते हुए गुजर गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने प्रयागराज अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिक्षक की बीवी किरण देवी भी शेरगढ़ इंटर कॉलेज में अध्यापिका हैं। उनका एक बेटा उज्ज्वल अभी पढ़ाई करता है।