सरायअकिल के बंथरी गांव में शुक्रवार रात एक युवक ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। देर रात शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचने पर पिता ने फटकारा तो युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बंथरी गांव का रहने वाला गौरी (25) पुत्र जिया लाल किसान है। इन दिनों वह दिन-रात शराब पीने का लती हो गया था। शुक्रवार रात वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और परिजनों से खाना मांगा। बेटे की हालत देख झल्लाए पिता ने शराब पीने से मना करते हुए फटकार लगा दी। पिता की फटकार के बाद युवक घर से रस्सी लेकर गांव के बाहर पहुंचा और एक पेड़ में फंदे से लटककर जान दे दी। युवक के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन गांव के बाहर गए तो युवक का शव पेड़ से लटक रहा था। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पेड़ से उतरवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के आत्मघाती कदम उठाए जाने के बाद से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।