मंझनपुर। चोरी गए वाहनाें की तलाश में जुटी एसओजी लगातार कामयाबी की ओर बढ़ रही है। टीम ने दस और बाइकें बरामद कर ली है। पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए कुछ बेगुनाहों को रिहा कर दिया गया है। दो अन्य शातिरों को पकड़कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसओजी पिछले पांच दिनों से जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है। बुधवार दोपहर तक इस टीम ने आधा दर्जन शातिरों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की करीब दस बाइकें बरामद की थीं। इसके बाद भी दबिश देने का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार दोपहर तक टीम ने दस और बाइकें बरामद कर ली। बरामद वाहनों की संख्या अब 20 के आसपास हो गई है। बताया जाता है कि चोरों ने इन वाहनों को करारी, मंझनपुर, सरायअकिल, इलाहाबाद, फतेहपुर आदि जगहों से पार किया था।
टीम ने पूछताछ के बाद ऐसे युवकों को छोड़ दिया है, जिनकी भूमिका चोरी में संदिग्ध नहीं पाई गई। दो अन्य शातिरों को हिरासत में लेकर उनसे बारीकी से पूछताछ की जा रही है। बरामद वाहनों को नगर कोतवाली में रखा गया है। हिरासत में लिए गए आरोपी एसओजी की अभिरक्षा में हैं। मामले में एसओजी प्रभारी विजय कुमार यादव का कहना है कि कार्रवाई लगातार जारी है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। किसी भी बेगुनाह के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। चोरों को ही जेल भेजा जाएगा।