फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोली मारकर लॉज में घुसे बदमाश को दबोचा

Wed, 26 Jul 2017 01:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो कौशाम्बी
विज्ञापन
क्राइम
विज्ञापन
ममफोर्डगंज में मंगलवार शाम शिवाजी पार्क के पास युवक को गोली मारकर बाइक पर भागा अपराधी शिवांग पासी पुलिस पर बम फेंकते हुए म्योराबाद के एक लॉज में घुस गया। उसने लॉज में मौजूद छात्रों को भी धमकाया कि दरवाजा खोलने पर गोली से उड़ा देगा। करीब सवा घंटे बाद पुलिस ने लॉज के टायलेट में घेरा तो उसने फायर कर दिया। उसे दबोचकर पुलिस ने तमंचा जब्त कर लिया। पूर्व सांसद सुरेश पासी का पुत्र शिवांग दो दिन पहले नैनी जेल से छूटा था। उसने जिस दुश्मन पर गोली चलाई, वह बच गया और घायल हो गया दूसरा युवक। ममफोर्डगंज में घटना के बाद भागे शिवांग के साथी रंजीत उर्फ मेजर को पुलिस खोज रही है।
विज्ञापन


मंगलवार शाम करीब चार बजे की घटना है। ममफोर्डगंज में शिवाजी पार्क के पास सड़क पर फायर हुआ। लोगों ने देखा कि एक युवक घायल पड़ा है। पास में ही हाथ में तमंचा थामे अपराधी शिवांग अपने साथी संग खड़ा था। घायल युवक ममफोर्डगंज में रहने वाले रमेश वर्मा का पुत्र सौरभ (29) था। परिजन आकर उसे अस्पताल ले गए। इसी बीच सूचना पाकर 100 नंबर की पुलिस टीम उधर पहुंची तो अपराधी शिवांग वर्मा बाइक पर स्टेनली रोड की तरफ भागा जबकि उसकासाथी गली में पैदल घुसकर भाग निकला। यूपी 100 की टीम ने बाइक पर भाग रहे शिवांग का पीछा करते हुए वायरलेस पर सूचना दी तो सीओ आलोक मिश्र ने कैंट, कर्नलगंज, शिवकुटी पुलिस के साथ घेराबंदी की। शिवांग स्टेनली रोड पारकर म्योराबाद पहुंचा। पुलिस भी पीछे लगी रही। म्योराबाद मैदान पर पल्सर बाइक छोड़कर उसने पुलिस की तरफ दो बम फेंके हालांकि बम फटे नहीं। शिवांग गली में जाकर एक लॉज में घुस गया। कुछ देर में पुलिस बल ने लॉज को चौतरफा घेर लिया।

बम डिस्पोजल दस्ते ने आकर मैदान पर पड़े दोनों देशी बम पानी भरी बाल्टी में डालकर निष्क्रिय किया। पुलिस ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो शिवांग ने लॉज में छात्रों को तमंचा तानकर धमकाया कि गोली मार देगा। एसएसपी आनंद कुलकर्णी और एसपी सिटी सिद्धार्थ मीणा भी आ गए। लगभग सवा घंटे तक पुलिस ने चेतावनी देने के बाद चैनल गेट और छत के रास्ते लॉज में प्रवेश किया। पुलिस ने लॉज की तलाशी लेनी शुरू की। निचले तल के तीसरे टायलेट में एक सिपाही घुसा तो शिवांग अंधेरे में दीवार से चिपका था। उसने फायर किया तो सिपाही फौरन बाहर निकल गया। फिर पुलिस बल ने उसे घेरकर दबोचा और तमंचा छीन लिया। उसके पास गोलियां खत्म हो गई थीं। शिवांग को थाने ले जाया गया। उसका घर भी म्योराबाद में है। उसके पिता चायल से सांसद रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दो रोज पहले जेल से छूटे शिवांग ने पुरानी रंजिश में कान्हा पर फायर किया था लेकिन गोली लग गई सौरभ को। सौरभ ने पुलिस से कहा कि वह बाल कटाकर घर लौट रहा था जब उसे गोली लगी। हमले में बचकर भागा कान्हा रात तक पुलिस को नहीं मिला। फायरिंग के बाद भागा शिवांग का साथी रंजीत यादव उर्फ मेजर भी नहीं मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें