मूरतगंज कस्बे में चेकपोस्ट के पास सोमवार रात परिवहन निगम की बस ने बाइक सवार पठनकापुरवा निवासी श्याम बाबू (28) और बच्छन गांव के अजहर (30) को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। युवक बस को ओवरटेक कर रुकवाने का प्रयास कर रहे थे। आक्रोशित भीड़ ने बस को फूंक दिया। घटना की सूचना पर एसपी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
परिवहन निगम की एक बस इलाहाबाद से सैनी को ओर सवारी लादकर आ रही थी। वाकया रात करीब 9 बजे का है। प्रत्यक्षदर्शियोें का कहना है कि बाइक पर सवार दो युवक बस को रुकवा रहे थे। पर, चालक बस रोक नहीं रहा था। बस जैसे ही कस्बे के चेक पोस्ट के पास पहुंची तभी दो युवकों ने अपनी बाइक बस के आगे लगा दी। आरोप है कि बस चालक ने गाड़ी रोकने के बजाए गति तेज कर दी, जिससे श्याम बाबू पुत्र दशरथ लाल निवासी पठनकापुरवा थाना कोखराज और अजहर पुत्र बच्छन निवासी कोखराज कुचल गए।
दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक बस के नीचे फंस गई। बस चालक ने इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद बस को भगाने की पूरी कोशिश की। पर, नीचे बाइक फंसने से बस कुछ दूर चलने के बाद रुक गई। इसके बाद चालक और परिचालक गाड़ी से कूदकर भाग गए। चालक की लापरवाही से दो युवकों की जान जाने से घटन स्थल पर पहुुंची भीड़ ने गुस्से में बस में आग लगा दी। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी भी देर से पहुंची। एसपी बीके मिश्र कई थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। समाचार भेजे जाने तक दोनों शव मौके पर ही पड़े हुए थे।