चायल। मनौरी क्रासिंग के समीप बुधवार की दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध के चीथड़े उड़ गए। हादसे में वृद्ध की मौत से लोग सन्न रह गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना पर आई पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, पर पहचान नहीं हो सकी। उधर, क्रासिंग पर हुए हादसे के बाद मनौरी मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगे रहे से यातायात बाधित रहा।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मनौरी रेलवे क्रासिंग के समीप बुधवार की दोपहर लाइन पार करते समय एक वृद्ध ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसके चीथड़े उड़ गए। खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं क्रासिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। इस जाम के कारण घंटों यातायात प्रभावित रहा।
उधर, ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत की खबर पर इलाकाई पुलिस भी आई। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। पर, कोई भी व्यक्ति मरने वाले की शिनाख्त नहीं कर सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक करीब 60-65 साल का वृद्ध है। वह धोती-कुर्ता पहने हुए हैं।
लोगों का मानना है कि वृद्ध कहीं दूर का रहनेवाला है। वरना, स्थानीय लोग उसकी शिनाख्त जरूर कर लेते। उधर, पहचान नहीं होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।