पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव में हवस का शिकार बनी एक 13 वर्षीय किशोरी गर्भवती हो गई। पता चलने पर किशोरी की मां ने युवक के घर शिकायत की। जिस पर युवक के परिजन मारपीट पर आमादा हो गए। मामले में प्रधान पति ने समझौते का दबाव बनाया मगर परिजन थाने पहुंच गए। पीड़ित पक्ष ने पिपरी थाने में नामजद तहरीर युवक के खिलाफ दी है।
संबंधित गांव का युवक एक किशोरी को डरा धमकाकर करीब एक वर्ष से दुराचार करता रहा। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई। शनिवार को किशोरी की अचानक तबीयत खराब हुई तो परिजन हलाकान हो गए। परिजनों ने उसे एएनएम को दिखाया तो पता चला कि किशोरी गर्भवती है। जिस पर किशोरी ने सारा राज खोला।
शाम को किशोरी की मां युवक के घर शिकायत करने पहुंची तो मामला मारपीट तक पहुंच गया। जिस पर बेबस मां लौट आई। रविवार को मामले का पता चलने पर प्रधान पति ने पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया। मगर परिजन राजी नहीं हुए। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे। वहां युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है।