बृहस्पतिवार की रात पइंसा क्षेत्र के जवई गांव में बारिश के दौरान एक घर की कच्ची छत जमींदोज हो गई। छत के मलबे के नीचे दब जाने से एक दिव्यांग युवती की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की रात तेज बारिश के साथ तेज हवा चलनी शुरू हो गई। बताते हैं कि रात तकरीबन 10 बजे जवई गांव में बृजेश कुमार के घर की कच्ची छत जमींदोज हो गई।
हादसे के दौरान कोठरी के अंदर शोभा देवी अपनी दिव्यांग बहन संगीता के साथ सो रहीं थी। छत ढहने से दोनों बहने मलबे के नीचे दब गईं। ग्रामीणों ने शोभा को तो आनन-फानन में बाहर निकाल लिया। पर, जब संगीता को बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। शारीरिक रूप से अक्षम संगीता अनाथ होने की वजह से अपनी बहन के साथ रह रही थी। वहीं दूसरी ओर, रात में ही पइंसा गांव में हमीद के घर के ऊपर दरवाजे पर लगा नीम का पेड़ गिर गया। इस हादसे में हमीद का पूरा घर ध्वस्त हो गया।
पेड़ गिरने से मवेशी की मौत
चरवा थाना क्षेत्र के धमसेढ़ा गांव में गुरुवार की रात तेज आंधी चलने से घर के पास महुआ का पेड़ गिरने से एक मवेशी की मौत हो गई। जबकि घर में मौजूद सारे लोग बाल-बाल बच गए।
चरवा थाना क्षेत्र के धमसेढ़ा गांव निवासी बलदेव पुत्र असर्फी लाल के दरवाजे के सामने पुराना महुआ का पेड़ था। गुरुवार की रात तेज आंधी चलने से महुआ का पेड़ गिर गया। महुआ का पेड़ गिरने से घर में मौजूद परिवार बाल-बाल बच गया। परंतु घर के बाहर बंधी बलदेव की एक भैंस पेड़ की चपेट में आने से मर गई।