मंझनपुर। नारी सशक्तिकरण को लेकर जिले में की जा रही तमाम कवयदें धड़ाम साबित हो रही हैं। चंद पैसे के लालच में लोग अपना भरा-पूरा परिवार तबाह कर रहे हैं। किसी को दौलत की भूख है तो किसी को बाइक की। हालात इतने बदतर हैं कि दहेज लोभी अपनी पत्नी के गर्भ में पल रहे बच्चे की हत्या तक करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। जिले के कोखराज और पूरामुफ्ती इलाके में दर्ज ऐसे ही मामलों में उत्पीड़न की खौफनाक तस्वीर सामने आई है।
कोखराज कोतवाली के हर्रायपुर गांव निवासी बड़े लाल शर्मा ने अपनी बेटी पूजा की शादी कानपुर के शिवली निवासी हिमांशु के साथ की थी। शादी में बड़े लाल ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया था। आरोप है कि उसके बाद भी ससुराल वाले दहेज को लेकर संतुष्ट नहीं थे। वह अक्सर पूजा को प्रताड़ित किया करते थे। पिछले दिनों पूजा गर्भवती हुई तो मायके वालों ने सोचा शायद ससुराल वालों की मंशा बदल जाएगी। लेकिन बेरहम ससुरालियों ने पूजा का गर्भपात कराने के बाद मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामले की शिकायत पर कोखराज पुलिस ने पति, ससुर दिनेश शर्मा और सास लक्ष्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इसी तरह पिपरी कोतवाली के असरावल कला निवासी छेदीलाल ने अपनी बेटी शिवकली की शादी पूरामुफ्ती के अहमदपुर हुसेनपुर निवासी शिव प्रसाद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक और दो लाख नकद की मांग करके शिवकली को प्रताड़ित करने लगे। पिछले दिनों उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। मामले की शिकायत पर पूरामुफ्ती पुलिस ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है।