चरवा थाने के सिरियांवा कला गांव में सोमवार को करंट लगने से प्राइवेट लाइनमैन की मौत हो गई। विद्युत तार जोड़ते समय अचानक करंट आ जाने से हादसा हुआ। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। किसी तरह पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत कराया। लाइनमैन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिरियांवा कला निवासी बांकेलाल (40) पुत्र बुदुल प्राइवेट लाइनमैन का काम करता था। सोमवार की शाम साढ़े चार बजे गांव के जुबैर अहमद ने अपनी केबिल जोड़ने के लिए उसे बुलाया। विद्युत तार जोड़ने के लिए जब लाइनमैन पहुंचा तो आपूर्ति बंद थी। लाइनमैन ने बिना शटडाउन लिए ही केबिल जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ गया। इसी दौरान अचानक बिजली आने से वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। इससे उसको गंभीर चोटें भी आईं। हादसा होने से जुबैर अहमद के होश उड़ गए। घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो वह रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। घटना के लिए जुबैर अहमद को जिम्मेदार बताते हुए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो चरवा, कोखराज थाने की फोर्स पीएसी के साथ पहुंची। पुलिस के समझाने पर परिजन किसी तरह माने तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।