मंझनपुर विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोबरसहाई मंझनपुर में मंगलवार दोपहर सीकेश (08) नामक एक छात्र को बिच्छू ने काट लिया। इलाज के दौरान अगले दिन एसआरएन अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव कर हंगामा किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
गोबरसहाई गांव निवासी राजेशकुमार का आठ वर्षीय बेटा सीकेश गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। मंगलवार दोपहर उसको स्कूल के भीतर एक बिच्छू ने काट लिया। घटना के समय वह खाना लेने के लिए लाइन में लगा था। जब वह चीखने लगा तो छात्रों की निगाह बिच्छू पर पड़ी। आरोप है कि छात्रों ने इसकी जानकारी शिक्षकों को दी लेकिन कोई मदद को नहीं आया। नतीजतन सीकेश को छोटे बच्चे लादकर घर ले गए। जानकारी होने पर ग्राम प्रधान तारा देवी का बेटा धर्मेंद्र वहां पहुंचा और छात्र को जिला अस्पताल लेकर गया। जहां से उसे एसआरएन इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। मगर छात्र ने बुधवार सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने छात्र की मौत के बाद जानकारी जुटाई तो शिक्षकों की लापरवाही खुलकर सामने आई। इससे गांव के लोग भड़क गए। गुरुवार को परिजनों ने ग्रामीणों के साथ प्राथमिक विद्यालय का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। हेडमास्टर रामनरेश विशाल ने इसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी अविनाश सिंह को दी। अविनाश सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि शिक्षकों ने तनिक भी संवेदनशीलता दिखाई होती तो छात्र की जान बच सकती थी। विद्यालय में हेडमास्टर समेत पांच शिक्षक तैनात हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। छात्र की मौत से पिता राजेश व मां सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।