सैनी क्षेत्र के चक सैनी गांव में तालाबी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए घरों को जेसीबी लगाकर ध्वस्त करा दिया गया। शनिवार को एसडीएम सिराथू राजस्व एवं पुलिस फोर्स लेकर गांव पहुंचे तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते जेसीबी से अवैध घरों को गिरा दिया गया। इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले हैरान व परेशान रहे।
चक सैनी गांव के अधिवक्ता देशराज ने तालाबी भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर घर बनाए जाने की शिकायत समाधान दिवस में की थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसडीएम सिराथू विवेक चतुर्वेदी शनिवार को समाधान दिवस में हिस्सा लेने के बाद पूरे दल बल के साथ चक सैनी गांव जा धमके। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने के बाद अतिक्रमण करने वालों को घर से बाहर निकाल दिया गया। देखते ही देखते मदन भट्ट, राजेंद्र कुमार, बड़े लाल, छोटे लाल, भुइया दीन, धर्मपाल, चंद्रपाल, पोर्रा द्वारा अवैध तरीके से तालाबी भूमि पर बनाए गए कच्चे एवं छप्परनुमा घरों को ध्वस्त करा दिया गया।
एकाएक हुई इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाले पुलिस बल की भारी मौजूदगी देख विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। कार्रवाई के बाद अतिक्रमण करने वाले अपनी गृहस्थी का सामान संभालने में जुटे रहे। वे इस कार्रवाई को गरीबाें के प्रति प्रशासन का अत्याचार ठहराते रहे। एसडीएम विवेक चतुर्वेदी के साथ तहसीलदार सुशील कुमार, राजस्व निरीक्षक, सैनी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह मौजूद रहे।