सैनी क्षेत्र के सिराथू कस्बे में शनिवार की रात किराना व्यापारी ने दुकान में घुसे चोरोें को दौड़ा लिया। दुस्साहसिक चोर दुकानदार को चकमा देकर भाग निकलने में कामयाब रहे। हालांकि फरार हुए दोनों चोरों की पहचान कर ली गई है।
कस्बे के प्रेम चंद्र ने सैनी रोड पर स्टेट बैंक के सामने किराने की दुकान खोल रखी है। ताजे घटनाक्रम में बताते हैं कि शनिवार की रात दो चोरों ने शटर के ऊपर बने गुला को तोड़ डाला। एक चोर अंदर घुस गया। इस घटना को सामने वाले पड़ोसी ने देखकर दुकानदार को फोन से सूचना दे दी। मौके पर आए दुकानदार के दो पुत्राें ने देखा तो एक चोर दुकान के बाहर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। वह अंदर गए साथी से जल्दी-जल्दी माल बटोरने को बोल रहा था। दोनों भाइयों ने ललकारते हुए बाहर खड़े चोर को दौड़ा लिया। वह शोर सुनते ही भाग खड़ा हुआ। इस दौरान अंदर घुसा चोर शोर सुनकर गुला से बाहर आया तो एक दुकानदार ने उसे धर दबोचा।
पर, रात के अंधेरे में वह चकमा देकर भाग निकलने में कामयाब रहा। किराना व्यापारी ने रात में ही सिराथू पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं चौकी प्रभारी राकेश गौतम ने रात में ही दबिश दी। पर, फरार चोर पकड़े नहीं जा सके हैं।