मंझनपुर/कड़ा। राजाराम छेदीलाल इंटर कालेज कमालपुर और संत गाडगे उच्चतर माध्यमिक स्कूल कमासिन में शनिवार को वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मौजूद रहे मुख्य अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभाओं की सराहना की। साथ ही उन्हें लगन से पढ़ाई करके समाज, परिवार और देश का नाम रौशन करने की सीख दी।
राजाराम छेदीलाल इंटर कालेज कमालपुर में आयोजित वार्षिकोत्सव की शुरूआत सरस्वती पूजा से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, फिल्मीगीत की धुनों पर नृत्य पेश करके लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपने कार्यक्रम के माध्यम से देश की विविध संस्कृति के दर्शन भी लोगों को कराए। उधर, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे एमएलसी सूरजभान करवरिया ने कहा कि शिक्षा के साथ ही साथ ऐसे आयोजन का भी होना अनिवार्य है।
इससे जहां बच्चों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का मौका मिलता है। वहीं उनका सर्वागीण विकास भी होता है। इस मौके पर बसपा नेता आनंद मोहन पटेल, विक्की साहू, संतोष शुक्ला, उमरान खान, कप्तान सिंह यादव, रणविजय निषाद, जुबैर अहमद आदि मौजूद रहे। इसी तरह से संत गाड़गे उच्चतर माध्यमिक स्कूल कमासिन में भी वार्षिकोत्सव में छोटे-छोटे बच्चों ने नृत्य, गीत और नाटक, प्रहसन से लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि शिक्षा के बगैर विकास संभव नहीं है। पर, इस प्रतिस्पर्धी दौर में शिक्षा के साथ ही साथ बच्चों का हरफनमौला होना सबसे अहम है। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा को सराहते हुए कहा कि गांवों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस, इन्हें तराशकर मंच देने की जरूरत है। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने भी बच्चों को लगन से पढ़ाई करने और देश, समाज, परिवार का नाम रौशन करने की सीख दी।