मंझनपुर। पुरामुफ्ती इलाके की रहने वाली एक विवाहिता के साथ बृहस्पतिवार की शाम दो युवकों ने असलहे के दम पर गैंगरेप का प्रयास किया। विवाहिता के चीखने चिल्लाने पर गांववाले दौड़े, तो युवक जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर पुरामुफ्ती पुलिस ने डांटकर भगा दिया। भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। एसपी ने एसओ पुरामुफ्ती को प्रकरण की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे वह खेत की ओर गई थी। आरोप है कि उसे अकेली खेत की ओर जाते देख गांव के दो युवक वहां पहुंचे। इन युवकों ने दबोच लिया। कनपटी पर रायफल सटाकर युवक उसे घसीटकर अरहर के खेत की ओर खींच ले गए। इन युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। चीखने चिल्लाने पर खेतों की ओर से घर लौट रहे ग्रामीण दौड़े।
गांववालों को आता देख दोनों युवक किसी से भी कुछ बताने पर उसे और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या की धमकी देते हुए भाग निकले। दरिंदों के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पीड़िता का आरोप है कि देर रात उसे परिवार के लोगों के साथ पुरामुफ्ती कोतवाली जाकर घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पर, पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने पर पीड़िता ने शुक्रवार को इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने पीड़िता को मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने का भरोसा दिलाया है। साथ ही एसओ पुरामुफ्ती को घटना की जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।