स्थानीय थाने के बरलहा गांव में शुक्रवार की सुबह एक अधेड़ का शव लटकता मिला। घटना की सूचना परिजनों को मिली तो वह रोते-बिलखते पहुंचे। शव देखने के बाद परिजन थाने पहुंचे और मृतक की पत्नी व साली पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पीएम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सराय अकिल थाने के रसूलपुर शुकुवारा निवासी सुखलाल पुत्र फगुहारे करारी थानाक्षेत्र में स्थित ससुराल बरलहा में रहता था। शुक्रवार की सुबह उसका शव एक कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी सुखलाल के परिजनों को मिली तो वह रोते-बिलखते बरलहा पहुंचे। शव देखने के बाद मृतक के परिजन सीधे करारी थाने पहुंचे। पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक की पत्नी प्रभावती और उसकी बहन पर हत्या का आरोप लगाया।
हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष पीके यादव का कहना है कि मौत के रहस्य से पर्दा पीएम रिपोर्ट के बाद ही हटेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी। उधर घटना के बाद से मृतक की मां शांती देवी, बहन अमरावती व चाचा सीताराम का हाल बेहाल है।