सरायअकिल थाना क्षेत्र के बहुंगरा गांव में मंगलवार की शाम एक अधेड़ नीम के पेड़ से गिरकर घायल हो गया। घर वाले उसे इलाज के लिए इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल ले गए। मगर रास्ते में अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बहुगरा गांव का रहने वाला बृजेश कुशवाहा (50) पुत्र सरजू प्रसाद अपने साथी श्रीकान्त कुशवाहा के साथ मंगलवार को गांव के बाहर बाग में नीम के पेड़ में लगी मधुमक्खी के छत्ते से शहद निकालने जा रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह पेड़ के नीचे गिर गया। अधेड़ को पेड़ से गिरता देख साथी ने भागकर घटना की बात परिजनों को बताई। परिजन पहुंचे और उसे इलाज के लिए इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल ले गए। मगर जब तक परिजन अधेड़ को लेकर अस्पताल पहुंचते अधेड़ की मौत हो चुकी थी।