सिराथू/अजुहा (कौशाम्बी)। राउरकेला से जम्मू जा रही मूरी एक्सप्रेस सोमवार दोपहर लगभग पौने दो बजे अटसराय रेलवे स्टेशन के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन के आठ डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। हादसे में महिला समेत तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जब कि एक दर्जन मुसाफिर गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेन हादसे की खबर सुनते ही रेलवे के साथ जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से बोगी में फंसे लोगों को बाहर निकालते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोगी में फंसे अन्य यात्रियाें को सुरक्षित निकालते हुए भेज दिया गया है।
बता दें कि राउरकेला जम्मू तवी (मूरी) एक्सप्रेस सिराथू रेलवे स्टेशन पार करने के बाद जैसे ही अटसराय रेलवे स्टेशन के करीब पहुंची तभी ससुरखदेरी नदी पुल पर तेज झटके के साथ एक्सप्रेस की आठ बोगी पटरी से उतरते हुए पलट गई। इंजन से पांच बोगी छोड़ते हुए एसी वन, एसी थ्रीटियर, बी टू,एसी बी टू, स्लीपर एस थ्री, एस फोर, एस फाइव, एस सिक्स और पैंटीकार पटरी से उतर गए।
हादसे के वक्त ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि एस थ्री कोच खड़्ड में जा गिरा। इसमें सवार सीता देवी (40) पत्नी संजय प्रजापति निवासी जालंधर, गोविंद कुमार (30) पुत्र सबाराय निवासी झारखंड समेत तीन की मौत हो गई। हादसे में मृतका सीता की बेटी सीमा (15), बेटा विकास (12) के अलावा टीटी पुत्तन लाल, सोनम (22), शिवानी (24) समेत एक दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय, एएसपी ओपी पांडेय कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस अफसरों ने शवों के साथ बोगी में फंसे घायल मुसाफिरों को बाहर निकाला। आनन-फानन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने बताया कि हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अन्य मुसाफिरों को सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। हादसा कैसे हुआ इस बाबत रेल प्रशासन के अफसर ही कुछ बता सकते हैं।