पइंसा कोतवाली क्षेत्र के कइमा गांव में शुक्रवार रात सिर कूंचकर एक युवक की हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव गांव के बाहर नग्न अवस्था में पड़ा मिला। सनसनीखेज वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर लिखकर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कइमा निवासी निंबूलाल (35) पुत्र रामअवतार श्रमिक था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को वह मजदूरी करने सिराथू गया था। शाम को लौटकर घर आया। इसके बाद शनिवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में उसकी खून से लथपथ नग्न लाश मिली। युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे। पास में ही एक वजनदार डंडा पड़ा था। ईंट-पत्थर भी पड़े थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या सिर पर प्रहार करके की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वाले बदहवाश हालत में मौके पर पहुंचे। एसपी प्रदीप गुप्ता ने फोर्स तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। मृतक के परिवार वाले हत्या की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस कई बिंदुओं पर घटना की तफ्तीश कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसके बड़े भाई सुरेन्द्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है।