पूरामुफ्ती के इस्माइलपुर कोटवा गांव में मंगलवार की दोपहर पुरानी रंजिश में मां-बेटी पर राड से हमला कर लहूलुहान कर दिया गया। दोनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस्माइलपुर कोटवा गांव निवासी अशोक कुमार की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी पत्नी कमला देवी मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजारा करती है। बताया जा रहा है कि पड़ोसी सुनील से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। इसी को लेकर आए दिन उसे परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि मंगलवार की सुबह कमला देवी अपने बच्चों के साथ बैठकर अलाव ताप रही थी। तभी पड़ोसी सुनील कुमार पुत्र भारत लाल, विकास पुत्र अमृत लाल, बब्लू पुत्र रामचंद्र आदि लोग लाठी डंडा सेे लैस होकर उसके घर पर चढ़ आए और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
इस बात का विरोध जब कमला और उसकी बेटी अंजली ने किया तो दबंगों ने लोहे की राड से उनके सिर पर हमला कर दिया। इससे मां-बेटी लहूलुहान होकर गिर गईं। चीखपुकार सुन ग्रामीण जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से गांव में तनाव है।