सौरई बजुर्ग गांव स्थित कु एं में शव पड़े होने की अफवाह से मंगलवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। हफ्ते भर पहले अगवा किए गए युवक के शव मिलने की चर्चा ने सैनी पुलिस को हलाकान करके रख दिया। घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद कुंए से बकरी की लाश मिली, तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।
सैनी इलाके के जहानपुर गांव का इन्दर पाल पुत्र सुंदर पाल सात जनवरी की रात नलकूप पर गया था। और उसके बाद से घर नहीं लौटा। मामले में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। मुकदमा लिखने के बाद पुलिस वारदात की जांच कर रही है। इसी बीच मंगलवार सुबह पड़ोसी गांव सौरई बुजुर्ग के लोग खेतों की ओर स्थित कुंए के पास गए तो भीतर से दुर्गन्ध आ रही थी। ऐसे में अफवाह फैल गई कि अंदर इन्दर की ही लाश पड़ी है। मामले की भनक लगते ही सैनी कोतवाली पुलिस ने पसीना छोड़ दिया।
कोतवाल वाईपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कुंए के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घंटे भर की कोशिशों के बाद पुलिस ने शव निकाला तो वह बकरी का था। कोतवाल ने बताया कि शव बोरे में बंद था। इसलिए लोग समझ नहीं पाए। सभी को यही लगा कि लाश इन्दर की है।