सैनी कोतवाली के मारूफपुर के पास शुक्रवार की रात रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार पर आम की डाल गिर गई। इससे दो लोग घायल हो गए। सिर पर चोट लगने से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम है।
पश्चिम शरीरा थाने के शिवरा निवासी छोटू पाल (24) पुत्र चुन्नू शुक्रवार की शाम अपनी बहन का ननिहाल छोड़ने बंधवा गया था। रात साढ़े आठ बजे वह ममेरे भाई राकेश पुत्र भईया लाल के साथ घर लौट रहा था। बाइक लेकर वह जैसे ही मारूफपुर गांव सामने से गुजर रहा था कि आम की डाल उसके ऊपर गिर गई।
हादसे में दोनाें घायल हो गए। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण छोटू ने तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो वह रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची सैनी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर घायल राकेश का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।