मंझनपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं किए जाने पर देवरा गांव की एक विवाहिता को ससुरालवालों ने पीटकर घर से भगा दिया है। पीड़िता ने बुधवार को करारी कोतवाली में तहरीर दी। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
करारी कोतवाली क्षेत्र के बैशकांटी गांव की रहने वाली रामरति पुत्री मिठाई लाल ने बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले मंझनपुर कोतवाली के देवरा गांव निवासी प्रेमचंद्र्र से हुई थी। विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे मायके से 50 हजार रुपया मांगकर ले आने के लिए प्रताड़ित करते रहे हैं। आए दिन उसकी पिटाई भी की जाती थी। मायकेवालों ने भी कई बार समझाने की कोशिश की। पर, समझाने का कोई असर ससुरालवालों पर नहीं हुआ। इधर, रविवार की शाम दहेज की मांग को लेकर हुई कहासुनी के दौरान पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पीटने के बाद ससुरालवालों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। किसी तरह मायके आई विवाहिता ने ससुरालियों के प्रताड़ना की जानकारी परिजनों को दी। बेटी के साथ हुई ज्यादती की बातें सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। बुधवार को पिता के साथ करारी कोतवाली पहुंची विवाहिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि शिकायत मिली है। रिपोर्ट लिख ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।