मंझनपुर (ब्यूरो)। जमीन के विवाद को लेकर शनिवार की शाम दशरथपुर गांव के एक व्यक्ति के घर पड़ोसियों ने जमकर उत्पात मचाया। घर में घुसकर तोड़-फोड़ की। विरोध करने पर हमलावरों ने गृहस्वामी को पीटकर घायल कर दिया। चीख-पुकार पर गांववालों के दौड़ने पर हमलावर धमकी देेते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई है।
करारी कोतवाली क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी रामबाबू पुत्र बांकेलाल ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर पड़ोसी से उसकी रंजिश चल रही है। इसी अदावत में शनिवार की शाम दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद पड़ोसी ने अपने अन्य साथियों के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर तोड़-फोड़ की। इसका विरोध करने पर हमलावरों ने रामबाबू को बेरहमी से पीट दिया।
अधेड़ को पीटते देख परिवार के अन्य लोग चीखते-चिल्लाते दौड़े। वहीं चीख-पुकार पर गांववाले भी जुट गए। ग्रामीणों को देखकर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पिटाई से घायल रामबाबू को घरवालों ने स्थानीय अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया। उधर, भुक्तभागी ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। भुक्तभोगी की शिकायत पर पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।