पूरामुफ्ती के मनौरी बाजार में बुधवार की रात राजगीर ने प्रेमिका को जहर पिलाने के बाद उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी। किराए के मकान में उसका शव छोड़कर प्रेमी फरार हो गया है। गुरुवार की सुबह मकान मालिक को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। ताला तोड़कर अंदर घुसी पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मंझनपुर कोतवाली के दीवर कोतारी गांव का रहने वाला संतोष कोरी राजगीर है। वह कई साल से मनौरी में रहकर काम करता था। मनौरी के अरविंद केशरवानी के मकान में वह किराए पर रहता है। उसका एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो आए दिन उसके पास आया करती थी। बुधवार की रात संतोष ने महिला को जहर पिलाकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव कमरे में फेंक कर बाहर से ताला बंद कर भाग निकला। घर के पीछे अरविंद केशरवानी की आग की बाग भी है। यहां हैंडपंप की बोरिंग का काम चल रहा है। बाग में एक पुरुष व एक महिला की चप्पल मजदूरों ने देखा। इसी बीच मकान मालिक अरविंद केशरवानी भी वहां पहुंच गए।
आशंका वश अरविंद ने कमरे में झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे में लाश पड़ी थी। सूचना पूरामुफ्ती एसओ धर्मेंद्र सिंह को दी गई। कमरे का ताला तोड़कर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने घर के बाहर से संतोष कोरी की बाइक बरामद कर ली है। एसओ धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला का संतोष के घर आना जाना था। महिला की हत्या गला दबाकर की गई या फिर उसे जहर देकर मारा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
प्रेमिका का कातिल प्रेमी या कोई और
पूरामुफ्ती के मनौरी में हुई महिला के कत्ल की वजह साफ नहीं हो सकी। महिला का कत्ल उसके प्रेमी ने किया फिर किसी और ने। बंद कमरे के बाहर एक थैला मिला है, जिसमें दाल, मिर्च आदि था। इससे साफ है कि बुधवार की शाम तक सबकुछ ठीक था। घटना इसके बाद ही हुई है। कमरे के बगल आम की बाग में एक युवक के भी चप्पल पड़े मिले हैं। पुलिस का मानना है कि घटना बाग में ही हुई है। पुलिस के शक की सुई प्रेमी पर ही टिकी हुई है। पुलिस इस घटना की कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
जब भी आती थी तो होती थी झड़प
राजगीर के कमरे में महिला जब भी आती थी दोनों के बीच तीखी झड़प होती थी। चर्चा है कि रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच गहमा-गहमी हुई थी। दोनों के बीच किस बात को लेकर झगड़ा होता है इस बाबत कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
फरार प्रेमी संतोष खोलेगा कत्ल का राज
मनौरी में महिला की हत्या के बाद शव को कमरे में बंद कर प्रेमी संतोष कत्ल का राज फाश करेगा। घटना के बाद से संतोष फरार चल रहा है। उसके पकड़े जाने के बाद ही कत्ल की वजह सामने आएगी। उसके अकेले वारदात को अंजाम दिया या फिर साथियों की मदद से महिला की हत्या की।