इलाके के कइमा बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान से गुरुवार रात सेंध काटकर चोरों ने नगदी समेत हजारों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
कइमा निवासी अनिल विश्वकर्मा ने स्थानीय बाजार में ही मोबाइल की दुकान खोल रखी है। गुरुवार रात वह दुकान बंद करके घर चला गया। इस दौरान नकब काटकर भीतर घुसे चोर करीब 10 हजार रुपया नगद, लैपटॉप, इयरफोन, मेमोरी कार्ड, बैट्री, चार्जर आदि सहित लगभग एक लाख रुपया कीमत का सामान उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में पइंसा एसओ संजय गुप्ता का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
लेडी गैंग ने महिला के पर्स से उड़ाए हजारों के गहने
सिराथू। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के भरसवां गावं की प्रीती पत्नी राज गुरुवार सुबह किसी काम से सिराथू गई थी। सिराथू तिराहे पर बैठकर वह साधन का इंतजार कर रही थी। तभी उसके बगल में करीब पांच महिलाएं आकर बैठ गईं। प्रीती की मानें तो इन्हीं महिलाओं ने उसके पर्स में रहे करीब 50 हजार रुपया कीमत के गहने पार कर दिए। प्रीती की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।