मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के चाकवन चौराहा के समीप शुक्रवार सुबह बेकाबू कार की टक्कर से एक बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई
। वहीं, उसकी पत्नी व बेटा घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कोखराज इलाके के काजीपुर पथरावां गांव का घनश्याम विश्वकर्मा (45) कपड़ों की सिलाई करके परिवार का खर्च चलाता था।
शुक्रवार सुबह वह पत्नी गुड़िया व बेटे रिसू के साथ किसी काम से मनौरी जा रहा था। चाकवन चौराहे के समीप पीछे से आई कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों लोग छिटककर नीचे गिर गए।
इस दौरान कार घनश्याम को रौंदते हुए गुजर गई। जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे लोगों ने आननफानन एम्बुलेंस की मदद से घायल गुड़िया व रिसू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। उधर, हादसे के बाद कार सवार वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।