मंझनपुर। नारा गांव के ईंट भट्ठे में काम करने वाले फतेहपुर के अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार की सुबह भट्ठे से करीब 300 मीटर दूर उसकी लहूलुहान लाश सड़क किनारे मिली। शव देखकर परिजन, गांववाले और भट्ठा मजदूर हत्या होने की आशंका जाहिर कर रहे हैं, जबकि फौरी तौर पर पुलिस सड़क हादसे में मौत होना मान रही है। एसओ मंझनपुर राजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद सच्चाई का पता चलेगा।
फतेहपुर जिले के नारायनपुर कोतवाली धाता निवासी पंचमलाल (55) पुत्र कल्लू प्रसाद मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव के समीप स्थित ईंट भट्ठे पर पथाई का काम करता था। साथ ही भट्ठे के समीप ही झोपड़ी बनाकर पत्नी ननकी देवी और बच्चों के साथ रहता था।
शनिवार की सुबह भट्ठे के करीब 300 मीटर दूर उसकी रक्तरंजित लाश सड़क किनारे मिली। खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखा, तो उनके होश उड़ गए। शव मिलने की खबर लगते ही रोते बिलखती पत्नी, बच्चों के साथ भट्ठे के अन्य मजदूर और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। सूचना पर इलाकाई पुलिस भी आई। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण और भट्ठा मजदूर शव देखने के बाद हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके चेहरे पर ही चोट के निशान हैं।
ऐसा लगता है कि किसी वजनदार वस्तु से चेहरे पर वार करके उसे मौत के घाट उतारा गया है। पत्नी ननकी देवी और बेटे महेश कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे उसे बगल के ही गांव का एक युवक बुलाकर ले गया था। घरवाले उसी व्यक्ति पर शक जाहिर कर रहे हैं। वहीं पुलिस फौरी तौर पर इसे मार्ग हादसा मान रही है।
एसओ राजेश सिंह का कहना है कि संभवत: रात में किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी जान गई है। कहा कि घरवालों ने अभी कोई तहरीर भी नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद सच का पता चलेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।