मोहब्बतपुर पइंसा क्षेत्र के ईंट भट्ठे में काम करने वाले फिरोजाबाद के एक
मजदूर को शुक्रवार की शाम उसके साथियों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। मारपीट
की यह घटना मजदूर द्वारा बेटी की शादी में पैसे देने से इंकार करने पर की
गई है। घायल मजदूर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुक्तभोगी की
तहरीर पर पुलिस ने हमलावर दो व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट
दर्ज कर ली है।
फिरोजाबाद जिले के सिरसा गांव का रहने वाला दामोदर सिंह
मोहब्बतपुर पइंसा इलाके में स्थित ईंट भट्ठे में कोयला झाेंकने का काम
करता है। उसके साथ ही घटमापुर (पइंसा) गांव का गणेश भी काम करता है। दामोदर
ने बताया कि शुक्रवार की शाम गणेश ने उससे बेटी की शादी के लिए 25 हजार
रुपये की मदद करने की मांग की। इतना रुपया नहीं होने की बात कहते हुए उसने
पैसा देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि पैसे देने से इंकार करने पर वह
उससे भिड़ गया। गणेश ने अपने साथ काम करने वाले गांव के अन्य लोगों के साथ
मिलकर उसके ऊपर हमला कर दिया। उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट से वह लहूलुहान
होकर गिर पड़ा।
भट्ठे में मारपीट होती देख अन्य लोग दौड़कर आए। मजदूरों ने
बीच बचाव करके उसकी जान बचाई। लोगों के आने पर हमलावर उसे जाने से मारने की
धमकी देते हुए भाग निकले। वहीं मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल
मजदूर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही भुक्तभोगी की तहरीर पर
गणेश प्रसाद और राजेन्द्र कुमार के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज कर ली है।
एसओ ने बताया कि पैसों के विवाद में मारपीट हुई है। घटना की छानबीन की जा
रही है।