चायल। चरवा कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात नलकूप की कोठरी में सो रही महिला को बंधक बनाकर उचक्कों ने मुर्गी और नलकूप का सामान पार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान चोरों ने धार्मिक पुस्तक भी क्षतिग्रस्त कर दी। इससे सुबह गांववाले उग्र होने लगे थे। बवाल बढ़ता इससे पहले ही मौके पर सीओ चायल कई थानों की फोर्स लेकर पहुंच गए। उन्होंने जांच का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। साथ ही पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ आलोक कुमार ने बताया कि सिर्फ चोरी की घटना हुई है। इसी का केस भी लिखा गया गया है। पुस्तक क्षतिग्रस्त किए जाने की बात कोरी अफवाह है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयद सरावां गांव के एक व्यक्ति का गांव के बाहर ट्यूबवेल है। नलकूप की रखवाली के लिए उसकी मां वहां बनी कोठरी में सोती है। युवक ने बताया कि रविवार की रात नलकूप की कोठरी में सेंध काटकर नकाबपोश बदमाश घुस गए थे। इन युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी मां को बंधक बनाकर स्टार्टर, मोटर, पाइप के साथ नौ मुर्गियां उठा ले गए। आरोप है कि चोरी करने आए बदमाशों ने कोठरी में रखी धार्मिक पुस्तक को भी फेंक दी। इससे वह फटकर क्षतिग्रस्त हो गई।
उधर, बदमाशों के जाने के बाद महिला चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं सुबह धर्मिक पुस्तक क्षतिग्रस्त किए जाने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इसकी सूचना पर पुलिसवालों के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में सीओ चायल आलोक कुमार कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया।
साथ ही घटना की तफ्तीश के लिए सीओ ने फील्ड यूनिट और डाग स्कवायड टीम को भी मौके पर बुला लिया। एसओ ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर गांव के दो लोगों को नामजद करते हुए पांच व्यक्तियों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं एसओ के साथ ही सीओ ने बताया कि सिर्फ चोरी की घटना हुई है। सीओ के मुताबिक धार्मिक पुस्तक का मामला कोरी अफवाह है।