करारी इलाके की रहने वाली एक विवाहिता के साथ पड़ोसी युवकों ने सामूहिक दुराचार किया। घटना के डेढ़ महीने बाद अदालत के आदेश पर शुक्रवार को करारी पुलिस ने तीन आरोपी युवकों के खिलाफ दुराचार और जानलेवा धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता 16 सितंबर की शाम खेत की ओर गई थी। बताया कि इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे गांव के तीन युवकों ने दबोच कर उसे बाजरे के खेत में उठा ले गए। इसके बाद उसकी अस्मत लूट ली।
हवस मिटाने के बाद दरिंदे कहीं भी शिकायत पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बदहवास हालत में विवाहिता घर पहुंची और पति के साथ परिजनों को आपबीती बताई। आरोप है कि दूसरे दिन वह शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। शुक्रवार को अदालत के आदेश पर करारी पुलिस ने आरोपी संतोष कुमार, पिंटू समेत तीन युवकों के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।