कादीपुर में सोमवार रात बेखौफ चोर पुरोहित का घर खंगाल ले गए। छत के सहारे घर के भीतर घुसे चोरों ने नगदी समेत करीब तीन लाख की संपत्ति पार कर दी। घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करते हुए पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
मंझनपुर कोतवाली के कादीपुर निवासी डब्बू तिवारी पुत्र मदन लाल दिल्ली में पुरोहित का काम करता है। घर पर पत्नी घर के अन्य सदस्यों के साथ रहती है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात वह परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रही थी। रात छत के सहारे घर के भीतर घुसे चोरों ने आलमारी और बक्से का ताला तोड़कर 20 हजार नगदी के साथ सोने, चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि पार कर दिया। पीड़ित परिवार की मानें तो चोरों के हाथ करीब तीन लाख की संपत्ति लगी है। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।