सदर कोतवाली के मलाकसद्दी निवासी एक विधवा की भूमि पर उसके दो दामादों की नजर लगी है। दोनों उसे भूमि का बैनामा करने के लिए आए दिन पीटते हैं। मामले की तहरीर पीड़िता ने मंझनपुर कोतवाली में दिया तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को एसपी से मिली पीड़िता ने कार्रवाई की मांग करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाया है।
मलाकसद्दी निवासी पार्वती पांडेय पत्नी राम खेलावन की तीन बेटियां हैं। इनमें से एक की शादी हृदय निवासी ओसा और दूसरी की बल्लू निवासी दुर्गापुर के साथ हुई है। तीसरी बेटी को भी दोनों दामादों ने बहला फुसलाकर अपने कब्जे में कर रखा है।
पति की मौत के बाद से घर में डेरा डालकर रह रहे दोनों दामाद छह बीघा भूमि का बैनामा करने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। 31 अगस्त की शाम पीड़िता घर पहुंची तो बल्लू और हृदय और तीनों बेटियां ममता, रतना और ललिता ने विधवा की लात घूसों और डंडों से जमकर पीटा। इससे पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले की शिकायत पीड़िता ने सदर कोतवाली पुलिस से की तो उसने डाक्टरी मुआयना तक नहीं कराया। न्याय न मिलता देख पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले में कार्रवाई का निर्देश सदर कोतवाल को दिया है।