पइंसा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर जवई गांव के सामने ट्रैक्टर-ट्राली में बैठे 14 लोग सोमवार की शाम हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलस गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर है, इनको जिला अस्पताल रेफर किया गया। ट्रैक्टर-ट्राली में शादी-ब्याह के लिए रजाई-गद्दा लदा था। इसके अलावा खाना बनाने वाले कारीगरों के साथ मजदूर सवार थे।
मिर्जापुर जवई निवासी करन सिंह की बेटी की बुधवार को बारात आनी है। शादी के लिए करन सिंह ने पड़ोसी जनपद फतेहपुर जिले के धाता से टेंट हाउस का सामान बुक कराया था। सोमवार को उन्होंने गांव से एक ट्रैक्टर-ट्राली सामान लेने के लिए धाता भेजा। सामान लादकर जब गांव के पांच लोग वापस आने लगे तो इसी बीच फोन आया कि सोनारी गांव के खाना बनाने वाले कारीगर अपने मजदूरों के साथ धाता में बैठे हैं। करन सिंह के रिश्तेदारों ने बताया कि टेंट हाउस का सामान जिस ट्रैक्टर में लदकर आ रहा है, वह उसी में बैठकर आ जाए। ट्रैक्टर व ट्राली में कुल 14 लोग सवार हो गए। शाम करीब छह बजे जैसे ही मिर्जापुर जवई गांव के बाहर ट्रैक्टर-ट्राली पहुंची।
वह लटक रही विद्युत तार की चपेट में आ गए। इससे उसमें सवार 14 लोग झुलस गए। चीख-पुकार मचने पर गांव के लोगों ने किसी तरह लोगों को उतरा। हादसे में गांव के अरुण, बब्लू, रामू, फूलचंद्र, आदि लोग झुलस गए। पांच लोगों की हालत नाजुक थी, इनको सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार कर वापस भेज दिया गया। इस घटना के बाद गांव के लोगों में गुस्सा भी दिखा। ग्रामीणों का कहना था कि विद्युत तार को ऊंचाई पर ले जाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने भी उनकी बात नहीं सुनी।