सिराथू से चुनाव लड़ रहे शिव सेना के प्रत्याशी के समर्थकों पर रविवार देर रात पतौना पुल के समीप हमला हुआ। समर्थकों की कार रोक कर उनको पीटा गया, इसके बाद कार को गड्ढे में गिरा दिया। इस दौरान कार में तोड़फोड़ भी की गई। शोर मचाने पर ग्र्रामीण टूट पड़े तो समर्थकों की जान बची। घायल समर्थक की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिवसेना के प्रत्याशी सुशील केशरवानी उर्फ गोलू के घर में रविवार की रात उनके समर्थक प्रियांशु केशरवानी व अपने एक साथी के अल्टो कार से पहुंचा। रविवार को बाइक जुलूस निकालना था। इसकी तैयारियों के लिए प्रियांशु चर्चा करने आया था। रात करीब 12 बजे वह कार से अपने घर सिराथू वापस जा रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो ने कार को ओवरटेक किया। पतौना पुल के आगे बोलेरो सवार लोगों ने अल्टो को रोकने का इशारा किया। प्रियांशु जब तक कुछ समझ पाता, सामने से ईंट मार दिया। इससे अनियंत्रित हुई कार को प्रियांशु ने सड़क किनारे रोक दिया। इसी बीच चार-पांच लोगों ने उसे उतारकर पीटना शुरू कर दिया।
बगल में बैठा साथी जब तक कुछ समझ पाता हमलावरों ने धक्का मारकर गाड़ी को गड्ढे में गिरा दिया। प्रियांशु का साथी किसी तरह गाड़ी से बाहर निकला और शोर मचाते हुए भागा। ग्रामीणों ने शोर सुना तो उन्होंने घेरना शुरू किया। इस पर हमलावर भाग निकले। राहगीरों के मोबाइल से प्रियांशु ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देर रात सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद घायल प्रियांशु को थाने लाई। मेडिकल के लिए घायल को भेजकर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।