कोखराज थाने के केशवापुर गांव में रविवार की सुबह सुबह कूड़े की चिंगारी से एक घर में आग लग गई। आग से घर जलता देख गृहस्वामी ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना में पीड़ित की गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
केशवापुर निवासी दयाशंकर पुत्र जगमोहन के घर के पीछे कूड़े करकट का ढेर लगा है। रविवार की सुबह कूड़े में आग सुलग रही थी पर किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद दयाशंकर का घर आग से जलने लगा। गृहस्वामी कुछ समझ पाता कि हवा पाकर आग भड़क उठी। घर को जलता देख परिजनों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर टूट पड़े।
हैंडपंप के पानी से घंटों मशक्कत करने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। जब तक ग्रामीणों ने आग बुझाई तब तक पीड़ित के घर में रखा बिस्तर, बर्तन, खाद्यान्न समेत हजारों का सामान जलकर राख हो गया। घटना में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए हल्का लेखपाल मौके पर नहीं पहुंच सका था। गृहस्थी राख होने के बाद पीड़ित कुनबे का हाल बेहाल है।