मंझनपुर । जहरीली शराब से कौशाम्बी के बिदनपुर आमद करारी गांव में हुई चार मजदूरों की मौतों के बाद अवैध शराब के खिलाफ फिर से पुलिस और आबकारी विभाग का अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस और राजस्व अफसरों की टीम ने दर्जनों गांवों में छापामारी की। इस दौरान गांव में कच्ची शराब बनाने वाली भट्टियों को तुड़वाने के साथ शराब और लहन बरामद की गई। इस दौरान 100 लीटर शराब और 50 कुंतल लहन बरामद करने का दावा किया है। साथ ही 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि कौशाम्बी के बिदनपुर आमद करारी गांव के 4 मजदूरों की जहरीली शराब पीने से बुधवार की रात मौत हो गई थी। इस मौत शासन में फिर से हड़कंप मच गया है। मौतों के बाद फिर से पुलिस ने अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब बनाने वालों की धरपकड़ को गांव-गांव दबिश दी।
चायल एसडीएम रजनीश मिश्र ने सीओ और आबकारी निरीक्षक के साथ सरायअकिल के नंदा का पुरवा, खरका, तिल्हापुर गांव में दबिश देकर 10 कुंतल लहन और 50 लीटर शराब बरामद किया। इसी तरह से सिराथू और मंझनपुर सर्किल में भी अफसरों की टीम ने छापामारी करते हुए 35 कुंतल लहन और 50 लीटर शराब के साथ पांच लोगों को धर दबोचा। टीम ने दिनभर के अभियान के दौरान करीब 100 लीटर शराब और 45 कुंतल लहन के साथ 11 लोगों को दबोचने का दावा किया है। पुलिस ने पकड़े गए धंधेबाजों को जेल भेज दिया है।