संदिग्धदशा में रविवार की रात सुरसेनी गांव के युवक की मौत हो गई। आधी रात घर के अंदर उसकी लाश फंदे से लटकती मिली। वहीं घटना के समय उसकी पत्नी कमरे में बंद थी। घरवालों के मुताबिक कहासुनी के बाद उसने बीवी को कमरे में बंद करके खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा है।
सराय अकिल थाना क्षेत्र के सुरसेनी गांव निवासी हरिशंकर मिश्र उर्फ लाला (25) पुत्र विजय बहादुर दिल्ली में एक प्राइवेट फर्म में काम करता था। उसकी शादी सालभर पहले चित्रकूट जनपद में हुई थी। अभी 14 अप्रैल को ही वह घर आया था। जब वह घर लौटा तो पत्नी मायके में थी। दूसरे दिन वह ससुराल जाकर बीवी को विदा कराकर घर ले आया था। इधर, रविवार की रात घर में फंदे से हरिशंकर की लाश लटकती मिली। बताया जाता है कि पड़ोस में एक व्यक्ति के यहां शादी थी। रात में मां वहीं गई हुई थी। छोटे भाई-बहन छत पर सो रहे थे। पिता घर के बाहर लेटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर हरिशंकर और उसकी बीवी में झगड़ा हो गया। चर्चा है कि कहासुनी के दौरान तैश में आकर उसने बीवी को कमरे में बंद कर दिया और खुद गुस्से में आकर फंदे से लटककर जान दे दी। उधर, कमरे में बंद विवाहिता की चीख-पुकार सुनकर बाहर सो रहे हरिशंकर के पिता की नींद टूटी तो वह घबरा गए। शोर पर आसपास के अन्य परिवार के लोग भी जुट गए। भीतर जाकर देखने पर लोगों के होश उड़ गए। फंदे से बेटे की लाश लटकती देख कोहराम मच गया। सूचना पर सोमवार की सुबह पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पत्नी, मां-बाप, भाई-बहन समेत पूरे परिवार के लोगों की रो-रोकर हालत खराब बनी हुई है।