करारी इलाके में रहने वाली नौवीं की एक छात्रा ने छेड़खानी से तंग आकर स्कूल छोड़ दिया है। वह करीब पांच दिन से स्कूल नहीं जा रही है। मंगलवार को उसने डीएम से शिकायत की है। डीएम ने करारी पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
करारी कोतवाली क्षेत्र की एक लड़की कक्षा नौ की छात्रा है। वह पास के एक स्कूल में पढ़ती है। उसने बताया कि स्कूल आते-जाते पड़ोसी दो-तीन युवक उसको आए दिन परेशान करते हैं। अश्लील फब्तियां कसते हैं। पीड़िता के मुताबिक काफी दिनों तक वह सबकुछ सहती रही। बताया कि 15 नवम्बर को साइकिल से स्कूल जा रही थी। स्कूल के समीप ही बाइक से आए तीन शाहदों ने उसका दुपट्टा खींच लिया। इतना ही नहीं हाथ भी पकड़ लिया। इसके बाद से छात्रा स्कूल नहीं जा रही है। वह काफी सहमी हुई है। छात्रा का आरोप है कि उसने घटना की शिकायत तभी पुलिस से की थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया।
इससे क्षुब्ध छात्रा ने मंगलवार को मामले की शिकायत डीएम से की। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने करारी इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। करारी इंस्पेक्टर उमाशंकर यादव का कहना है कि ऐसा कोई प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।