करारी (कौशाम्बी)। करारी थाना क्षेत्र के भटवरिया गांव में शुक्रवार की शाम जहरीली गुझिया खाने से रचना (05), शिव कमल (04), कमला देवी (03), कमल कुमार (6 माह) पुत्र लवकुश बीमार हो गया। रात अचानक बच्चों की एक साथ हालत बिगड़ती देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक देख डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चिल्ड्रेन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया। पीड़ित पिता ने पड़ोसन पर जहरीली गुझिया खिलाने का आरोप लगाया है। घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय ने बताया कि करारी पुलिस के साथ ही महिला एसओ को भी घटना की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त गांव निवासी लवकुश किसान है। उसके पांच बच्चों में दो बेटी और तीन बेटे हैं। बताया कि शुक्रवार को वह पत्नी और बेटे राजकरन के साथ खेत में गया था। घर में उसकी बेटी रचना देवी (05), शिवकमल (04), कमला देवी (03) और कमल (6 माह) थे। जब वह घर लौटा तो बच्चों को अचानक बीमार देख सन्न रह गया। आनन-फानन घरेेलू उपचार शुरू किया। आधी रात के बाद चारों बच्चों की हालत और गंभीर हो गई। आनन-फानन सुबह उसने बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होते ही प्रभारी पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय और एसओ करारी अस्पताल पहुंचे और घटना की बाबत पीड़ित परिवार से पूछताछ की।
पीड़ित परिजनों ने पड़ोस की एक महिला पर जहरीली गुझिया खिलाने का आरोप लगाया है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद चिल्ड्रेन अस्पताल इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। वहां चारों बच्चों की हालत नाजुक बनी है। मुख्य चिकित्साधीक्षक रामजी पांडेय ने बताया कि बच्चे फूड प्वाइजनिंग से बीमार नहीं हुए हैं। प्रथम दृष्टया बच्चों में कीटनाशक दवा खाने के लक्षण मिले हैं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। करारी पुलिस के साथ ही महिला एसओ को भी मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। तफ्तीश और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।