मंझनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के चक खुदायगंज गांव में रहने वाले एक युवक से फरेबी ने विदेश भेजने के नाम पर 1.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चक खुदायगंज निवासी सलमान पुत्र मुन्ने ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना स्थित टुडेखरा गांव के दिलशाद से हुई। पीड़ित की मानें तो दिलशाद ने सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे डेढ़ लाख रुपया ले लिया। इसके बाद फर्जी वीजा और पासपोर्ट भी थमा दिया। एयरपोर्ट पहुंचने पर पीड़ित को ठगे जाने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। बताया कि अभी तक आरोपी रुपया लौटाने की बात कह रहा था। अब रकम मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देता है। इससे परेशान पीड़ित ने दो दिन पहले मामले की शिकायत एसपी से कर दी। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने जालसाज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।