हमलावर पूर्व प्रधान और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लेकर बुधवार को नारा गांव के पीड़ित परिवार ने सीओ दफ्तर का घेराव किया। पूर्व प्रधान पर इंदिरा आवास के नाम पर वसूले पैसे वापस मांगने पर घर में हमला करके मारपीट, तोड़फोड़ का केस दर्ज है। आरोप है कि इसी मुकदमे में सुलह करने से इंकार पर अब पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। सीओ सिटी ने मंझनपुर कोतवाल को अभियुक्तों की गिरफ्तारी का निर्देश देकर लोगों को शांत कराया।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव निवासी राजेंद्र सोनकर के घर हमला करके मारपीट, तोड़फोड़ की गई थी। इस मामले में गांव के पूर्व प्रधान पर मंझनपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूर्व प्रधान पर आरोप है कि उन्होंने सालभर पहले इंदिरा आवास दिलाने के नाम पर राजेंद्र सोनकर से रकम ली थी। पैसे लेने के बाद भी उसे आवास नहीं दिलाया गया। आवास नहीं मिलने पर उसने पूर्व प्रधान से पैसों की मांग की। आरोप है कि पैसे मांगने से भड़के पूर्व प्रधान ने साथियों के साथ दो मार्च की सुबह उसके घर पर हमला बोल दिया था। घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई। विरोध करने पर हमलावरों ने राजेंद्र कुमार पुत्र मोहनलाल, ममता देवी पत्नी धीरेन्द्र कुमार, हिमांशु पुत्र धीरेंद्र कुमार, संगीता देवी पत्नी राजेंद्र कुमार पर कुल्हाड़ी-फरसे से प्रहार करके लहूलुहान कर दिया था। इस मामले की नामजद एफआईआर दर्ज होने के बाद अब पूर्व प्रधान पीड़ित परिवार पर मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे हैं। इंकार करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पूर्व प्रधान उत्पात से सहमे भुक्तभोगी परिवार ने बुधवार को सीओ दफ्तर का घेराव करते हुए हमलावरों को गिरफ्तारी की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सिटी रमाकांत यादव ने मंझनपुर कोतवाल को हमलावरों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। इसके बाद ही पीड़ित परिवार शांत हुआ।