सदर कोतवाली क्षेत्र के हाइवे रोड इंडियन आयल तिराहे पर तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय वृद्ध को रौंद दिया। वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित भीड़ ने हाइवे जाम कर दिया। लोगों ने कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ डाले और चालकों की पिटाई कर दी। इधर हंगामे और जाम की सूचना पर पहुंचे एसपी ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। दो घंटे तक लगे जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
क्षेत्र के ग्राम जैतापुर निवासी चुन्नीलाल शुक्ला (65) औरैया शहर में एक परचून की दुकान पर काम करते थे। बुधवार को वह पैदल औरैया आ रहे थे। जैसे ही वह हाइवे रोड इंडियन आयल तिराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चुन्नीलाल की मौत हो गई। हादसा होते देख घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया।
भीड़ का आक्रोश व बवाल की आशंका पर कोतवाली बिधूना सीओ बालकराम, प्रभारी नन्हेलाल यादव व यातायात प्रभारी माया प्रसाद यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। इसी बीच कुछ वाहनों ने साइड से निकलने का प्रयास किया तो उग्र भीड़ ने वाहनों में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। एएसपी विपुल कुमार, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार के समझाने पर भी भीड़ नहीं मानी।
इधर भीड़ के बेकाबू होने की सूचना मिलते ही एसपी सत्यार्थ अनुरूद्ध पंकज मौके पर पहुंच गए। एसपी के आश्वासन के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम खोला और मामला शांत हो सका। इधर पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेते हुए कोतवाली खड़ा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई ने कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।